गहलोत तैयार, पायलट पर तकरार
![ashok-gehlot-likely-next-congress-president](https://www.firstverdict.com/resource/images/news/image24706.jpg)
* अशोक गहलोत हो सकते है कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
* राजस्थान के अगले सीएम के लिए तकरार तय, पायलट एक्टिव
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की सरगर्मी के बीच राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। गहलोत ने कहा कि गांधी परिवार का कोई भी व्यक्ति इस बार कांग्रेस का अध्यक्ष नहीं बनेगा। उन्होंने कई बार राहुल गांधी से बात करने की कोशिश की कि उन्हें अध्यक्ष बनना चाहिए, किन्तु उन्होंने इसके लिए मना कर दिया। ऐसे में वे पार्टी और राष्ट्र हित में चुनाव लड़ने को तैयार है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए गहलोत के अलावा शशि थरूर और मनीष तिवारी भी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर सकते हैं। सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों में 17 अक्तूबर को चुनाव होने हैं और मतगणना के तुरंत बाद 19 अक्तूबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
बहरहाल, अशोक गहलोत फिलवक्त अध्यक्ष पद की दौड़ में आगे जरूर दिख रहे है और माना जा रहा है कि वे ही कांग्रेस के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। उधर इस बीच राजस्थान के अगले मुख्यमंत्री को लेकर खींचतान बढ़ती दिख रही है। पहले इशारों -इशारों में गहलोत दोनों पदों को सँभालने की बात कर रहे थे लेकिन अब पार्टी स्पष्ट कर चुकी है कि एक व्यक्ति -एक पद के साथ आगे बढ़ा जायेगा। ऐसे में जाहिर है यदि गहलोत चुनाव जीतते है तो उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना होगा। वहीं सचिन पायलट अपने समर्थकों सहित सीएम पद हथियाने की कवायद करने में जुटे है, पर अशोक गहलोत और पायलट के बीच की दूरियां जगजाहिर है। जाहिर है सीएम पद के लिए गहलोत खेमे से भी दावेदारी तय है और पायलट के नाम पर आसानी से सहमति बनना मुश्किल होगा। यानी कांग्रेस को राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने के साथ ही, राजस्थान में तकरार तय है। अब क्या गहलोत और पायलट के बीच दूरिया मिटेगी है या कोई नया ट्विस्ट आता है, ये देखना रोचक होगा।