वीरभद्र परिवार व कांग्रेस को धमकाना बंद करे मुख्यमंत्री : मुकेश अग्निहोत्री
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चेताया है कि वह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के स्वजन व कांग्रेसियों को धमकाना बंद करें। अग्निहोत्री ने कहा कि बदलाव का दौर शुरू हो चुका है। कांग्रेसी अब अपना मुंह बंद नहीं रखेंगे। प्रदेश व केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों को घर-घर जाकर अवगत करवाएंगे। ये बात मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी संसदीय उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह कि जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस के लोगों को मुंह बंद रखने को कह रहे हैं। एक महिला व उसके बेटे को डरा रहे हैं। मंडी का विकास कांग्रेस की देन है। मुख्यमंत्री ने चार साल में सिर्फ हेलीकाप्टर उड़ाया। विकास के नाम पर नहीं सिर्फ मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने के लिए लोगों को गुमराह कर रहें है।
नेता प्रतिपक्ष ने जयराम ठाकुर से पूछा कि बल्ह में प्रस्तावित एयरपोर्ट का क्या हुआ। एयरपोर्ट अब कांग्रेस बनाएगी। अगर मंडी आपकी तो सड़कों की हालत इतनी दयनीय क्यों हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर अगर हेलीकाप्टर से उतरते तो सड़कों की हालत ऐसी नहीं होती। लोग खुलकर सामने आएं। सरकार से डरने की जरूरत नहीं। अब प्रतिभा की गाड़ी चल पड़ी है। कांग्रेस को खामोश कहने वालों को जनता चारों खाने चित्त करेगी। यह वीरभद्र परिवार का कर्ज चुकाने का समय है। पैसे से नहीं जनता के दम पर चुनाव जीतेंगे। सुखराम परिवार का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोग घूंघट में रहकर काम करने के बजाय खुलकर सामने आएं, यहीं उचित समय है। बाद में गाड़ी छूट जाएगी।
