कांगड़ा : शीघ्र होगा चौंधा से कुल्थी तक सड़क का निर्माण कार्य-काजल

काजल ने गांव के दस महिला मंडलों को दस-दस हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी
मनाेज कुमार। कांगड़ा
विधायक पवन काजल ने कहा कि घटा- चौंधा, वाया महाशा बस्ती तक विधायक प्राथमिकता योजना के आधार पर लगभग दो करोड़ रुपए की लागत से सड़क का निर्माण पूरा करवा कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई गई है। शीघ्र ही चौंधा से कुल्थी तक सड़क का निर्माण करवा कर ग्रामीणों को नेशनल हाईवे से जोड़ दिया जाएगा। विधायक काजल वीरवार को "आपका विधायक आपके घर द्वार" जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत धमेड़ में बोल रहे थे। काजल ने कहा तकीपुर में राजकीय डिग्री कॉलेज, दौलतपुर में राजकीय आईटीआई का निर्माण होने से स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए अब धर्मशाला, कांगड़ा जाने से निजात मिली है।
दौलतपुर-हार जलाड़ी के लिए निर्माणाधीन पेयजल योजना में ग्राम पंचायत धमेड़ को भी शामिल किया गया है। काजल ने कहा मौजूदा डबल इंजन भाजपा सरकार प्रदेश के बेरोजगारों को रोजगार देने और महिलाओं को लगातार बढ़ रही महंगाई से निजात दिलाने में पूर्णता विफल रही है। राशन की सरकारी डिपो में घटिया राशन मुहैया करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला कांगड़ा का शीतकालीन प्रवास बंद करके कांगड़ा व चंबा जिला की जनता से अन्याय किया है। उन्होंने कहा शीतकालीन प्रवास से संसदीय क्षेत्र के हर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई योजनाओं को तरजीह मिलती रही है। इसके बंद होने से विकास पर ग्रहण लगा है।
जाहिर है कि प्रदेश सरकार जिला कांगड़ा व चंबा के विकास की कितनी हितैषी है। जिसका खामियाजा भाजपा को आने वाले चुनावों में भुगतना पड़ेगा। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राजा वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा के बेरोजगारों को रोजगार के लिए गग्गल में 12 करोड़ रुपए की लागत से आईटी पार्क को मंजूर किया है, लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार चार वर्ष के कार्यकाल में आईटी पार्क के निर्माण में एक भी नई ईंट लगाने से हाथ खींच रही है, जो क्षेत्र के बेरोजगारों से अन्याय है। काजल ने गांव के दस महिला मंडलों को दस-दस हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी।
इस मौके पर पूर्व प्रधान मदन लाल, नवल किशोर उप प्रधान, त्रिलोक चन्द, राम चन्द, वीर सिंह राणा, किशोरी लाल, हेम राज, प्रकाश चन्द, विक्रम सिंह, सूबेदार स्वरुप चंद, गुरदेव सिंह, संजोगिता प्रधान महिला मंडल, कमलेश प्रधान महिला मंडल, रक्षा देवी प्रधान महिला मंडल, गायत्री देवी प्रधान महिला मंडल, सुमना देवी प्रधान महिला मंडल, सुमन लता, कलपना, चन्द्र कला, सुनीता देवी व प्रोमिला देवी भी उपस्थित रही।