पांच जिलों को अब तक नहीं मिले मंत्री पद
** पहले कैबिनेट विस्तार में जिला कांगड़ा को सिर्फ एक मंत्री पद मिला
हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों में से पांच जिलों को अभी तक मंत्री पद नहीं मिला है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जिला हमीरपुर से है और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री जिला ऊना से। इनके अलावा रविवार को पांच जिलों से मंत्री बनाएं गए है। जिला शिमला से विक्रमादित्य सिंह,अनिरुद्ध सिंह और रोहित ठाकुर मंत्री बने है, जिला सोलन से कर्नल धनीराम शांडिल, जिला सिरमौर से हर्षवर्धन चौहान, जिला कांगड़ा से चंद्र कुमार और जिला किन्नौर से जगत सिंह नेगी को मंत्री पद मिला है। वहीं 5 जिलों को कोई मंत्री पद नहीं मिला है। इनमें जिला मंडी, बिलासपुर, चम्बा, लाहौल स्पीति और जिला कुल्लू शामिल है। अब तीन मंत्री पद शेष है और सम्भवतः जिला कांगड़ा को दो मंत्री पद और मिलेंगे। यानी तीन जिलों को संभवतः मंत्री पद नहीं मिलेगा।
जिला चम्बा में कांग्रेस के दो विधायक जीते है और इसी जिला से विधानसभा स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया आते है, ऐसे में ये लगभग तय है कि चम्बा से अब कोई और मंत्री नहीं होगा। जिला कुल्लू में भी कांग्रेस के दो विधायक जीते है और इनमें से एक विधायक सुंदर सिंह ठाकुर मंत्री पद की दौड़ में थे, लेकिन उन्हें सीपीएस बनाया गया है। ऐसे में सम्भवतः कुल्लू को भी मंत्री पद नहीं मिलेगा। वहीं जनजातीय जिला लाहुल स्पीति की इकलौती सीट भी कांग्रेस ने ही जीती है, लेकिन जनजातीय जिला किन्नौर से जगत सिंह नेगी के मंत्री बनने के बाद माना जा रहा है कि लाहुल स्पीति को भी मंत्री पद से वंचित रहना पड़ेगा। जिला बिलासपुर से कांग्रेस को सिर्फ घुमारवीं सीट पर जीत मिली है और विधायक राजेश धर्माणी अब भी मंत्री पद की दौड़ में है। इसी तरह जिला मंडी की दस में से सिर्फ एक सीट धर्मपुर में कांग्रेस जीती है और विधायक चंद्रशेखर को भी मंत्री पद या कोई अन्य अहम दायित्व मिलना तय है।