गहलोत मुख्यमंत्री पद से दे सकते है इस्तीफा, सचिन पायलट हो सकते है अगले मुख्यमंत्री !
* पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे अशोक गहलोत
* शाम को होगी विधयक दल की बैठक, पायलट के नाम रेस में आगे
* सीपी जोशी भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में
एक तरफ कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर हलचल तेज है तो दूसरी ओर राजस्थान में सीएम की कुर्सी को लेकर भी सियासत गरम है। अशोक गहलोत के अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के फैसले के बाद राजस्थान में सचिन पायलट का सीएम बनना लगभग तय ही माना जा रहा है। हालाँकि सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच सियासी रिश्ते कैसे हैं, ये जगजाहिर है। ऐसे में जानकार मान रहे है कि अभी सियासत में ट्विस्ट आना बाकी है।
दरअसल अशोक गहलोत के करीबी और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी का नाम भी दावेदारों में है। इसी बीच सचिन पायलट और सीपी जोशी के बीच करीब 1.5 घंटे तक मुलाकात चली है। सूत्रों के मुताबिक गहलोत खेमा डॉ. सीपी जोशी का नाम मुख्यमंत्री के लिए प्रोजेक्ट कर सकता है। ऐसे में सवाल है कि क्या पायलट को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष और सीपी जोशी को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। बहरहाल, फिलवक्त किसी भी निर्कर्ष पर पहुंचने के लिए इन्तजार करना होगा।