हर घर रसोई गैस सुविधा उपलब्ध करवाने वाला पहला राज्य बनेगा हिमाचल

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि वर्ष 2019 के अंत तक हिमाचल, देश का ऐसा पहला राज्य बन जाएगा जहां प्रत्येक परिवार के पास रसोई गैस सुविधा उपलब्ध होगी। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को रसोई गैस कुनैक्शन वितरित करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।डॉ. सैजल ने इस अवसर पर विकास खंड सोलन की 05 तथा विकास खंड धर्मपुर की 13 ग्राम पंचायतों के 582 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क गैस कुनैक्शन वितरित किए। उन्होंने तदोपरांत परवाणू में भी 177 हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को रसोई गैस कुनैक्शन वितरित किए।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत अभी तक 14315 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस कुनैक्शन उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। कसौली विधानसभा क्षेत्र में 2879 पात्र लाभार्थियों को यह सुविधा प्रदान कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण एवं महिलाओं को प्रदूषण मुक्त वातावरण उपलब्ध करवाने में अत्यन्त महत्वपूर्ण सिद्ध हो रही है। इस योजना से महिलाओं को प्रदूषण के कारण होने वाली बीमारियों से भी मुक्ति मिली है।डॉ. सैजल ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने गत दो वर्षों में अनेक ऐसी नवीन योजनाएं आरम्भ की हैं जो आम आदमी का सहारा बनकर उभरी है। राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा पैंशन की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया है। इससे 1.30 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक सुरक्षा पैंशन के लिए वरिष्ठ नागरिकों की आयु सीमा को और घटाने पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना है। सहकारिता मंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कसौली विधानसभा क्षेत्र के परवाणू में आयोजित जनसभा में क्षेत्र की उन मांगों को पूरा किया है जो गत कई वर्षों से लम्बित थीं। इन मांगों के पूरा होने से कसौली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नए आयाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र का शीघ्र ही अपना उपमंडलाधिकारी कार्यालय होगा। इससे लोगों को लम्बी दूरी तय कर अपने विभिन्न कार्य करवाने नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने धर्मपुर के नागरिक अस्पताल का दर्जा बढ़ाकर इसे 50 बिस्तर वाला अस्पताल बनाने की घोषणा भी की है। इससे क्षेत्र की बड़ी जनसंख्या लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सौ करोड़ से अधिक की विकासात्मक परियोजनाओं का कसौली विधानसभा क्षेत्र के लिए लोकार्पण एवं शिलान्यास किया है।उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से पात्रतानुसार लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की योजनाएं जन-जन के लाभ की दिशा में कार्यरत हैं और इनसे सभी पात्रतानुसार लाभान्वित होंगे।डॉ. सैजल ने इस अवसर पर धर्मपुर तथा परवाणू में जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके निपटारे के निर्देश दिए।इस अवसर पर एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, जिला भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष सुंदरम ठाकुर, भाजपा मंडल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के प्रधान मदन मोहन मेहता, राज्य किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य राजकुमार सिंगला, पूर्व भाजपा अध्यक्ष दौलत ठाकुर, भाजपा के युवा नेता संजय ठाकुर, खलोगड़ा सहकारी सभा के अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक मिलाप शांडिल, अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
.