धर्मशाला : झूठ को सच और सच को झूठ दिखाना भाजपा की फितरत-नेटा डिसूजा

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन
महिलाओं को सशक्त करने की ओर पहला कदम होगी 1500 रुपए महीना देने की गारंटी
पंकज सिंगटा। धर्मशाल
धर्मशाला में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा और प्रदेशाध्यक्ष जैनब चंदेल ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस वार्ता में मुख्य तौर पर कांग्रेस सरकार आने पर महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाने की कांग्रेस की गारंटी पर बात की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में सेवा फाउंडेशन द्वारा एक सर्वे किया है और इस सर्वे में उन्होंने पाया कि जिन परिवारों में महिलाओं की आमदनी होती है, उन परिवारों में महिलाओं को ज्यादा मान सम्मान दिया जाता है। ऐसे में यह भी देखा गया है कि महिलाओं का शोषण भी इस स्तिथि में कम होता है। कांग्रेस द्वारा सरकार में आते ही महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह देने की गारंटी दी गई है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर एक कारगर कदम साबित होगा।
हालांकि, यह रकम छोटी है, लेकिन महिलाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। भाजपा द्वारा सवाल उठाया गया था कि महिलाओं को दिया जाने वाला 1500 रुपए प्रति माह कांग्रेस कहां से लाएगी और यह पैसा कैसे दिया जाएगा। इस सवाल के जवाब पर नेटा डिसूजा ने कहा कि 'जहां चाह वहां रहा' है। इसे लेकर कांग्रेस आलाकमान ने पूरा रोड मैप तैयार कर लिया है। यह किस तरह से दिया जाएगा इस पर भी कांग्रेस ने पूरा विचार किया है और कांग्रेस इसका पूरा होमवर्क कर चुकी है।
विज्ञापनों पर पैसा बर्बाद करती है भाजपा
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह भाजपा विज्ञापनों पर पैसा खर्च करती है वह सबके सामने है। कांग्रेस आज भी महिलाओं के लिए कार्य करती हैं और पहले भी बहुत कार्य कर चुकी है, लेकिन कांग्रेस ने कभी उसका प्रचार नहीं किया और विज्ञापनों पर सरकारी पैसा बर्बाद नहीं किया। हर जिला में महिला थाने खोलना वीरभद्र सरकार के दौरान हुआ और हर थाने में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं की नियुक्तियां होना भी कांग्रेस की सरकार में किया गया, जिससे महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले।
गुड़िया हेल्पलाइन हेल्पलैस
गुड़िया हेल्पाइन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार गुड़िया के नाम से सत्ता में आई थी और आज वही गुड़िया हेल्पलाइन हेल्पलैस हो चुकी है। गुड़िया हेल्पाइन में आज की तारिक में 8409 शिकायतें पेंडिंग है, पड़ी हुई है। 2017 के दृष्टि पत्र में लिखी घोषणाओं में यदि भाजपा कहती है कि उन्होंने गुड़िया हेल्पाइन शुरू की है, तो उन्हे चूलू भर पानी में डूब मरना चाहिए, क्योंकि गुड़िया हेल्पाइन आज हेल्पलैस है।
धर्मशाला में विकास केवल सुधीर शर्मा की देन
धर्मशाला में हुए विकास को लेकर नेटा डिसूजा ने कहा कि आज धर्मशाला में भाजपा के विधायक है और धर्मशाला से ही सांसद भी है। उसके बावजूद भी भाजपा द्वारा शहर में कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला का विकास केवल कांग्रेस के विधायक और पूर्व में मंत्री रहे सुधीर शर्मा ने ही किया है, फिर चाहे वह स्मार्ट सिटी को धर्मशाला लाना हो या फिर अन्य कार्य।
भाजपा के खोखले मार्केटिंग ट्रिक्स में नहीं आएगी जनता
भाजपा केवल खोखले मार्केटिंग ट्रिक्स का इस्तेमाल करती है और अब उनके झांसे में जनता नहीं आएगी। भाजपा ने 2017 के दृष्टि पत्र में जो घोषणाएं की थी, उनमें से भाजपा ने एक भी पूरी नहीं की है। यह सारे वादे केवल जनता को बहकाने के लिए किए गए थे। सच को झूठ और झूठ को सच दिखाना भाजपा की फितरत है। कांग्रेस प्रदेश और देश में महिलाओं को अधिकार देने जा रही है।