पांच अक्तूबर की बैठक टली, अब सात को सुक्खू कैबिनेट की बैठक के आसार; कई प्रस्तावों पर होगी चर्चा
शिमला। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की 5 अक्तूबर को प्रस्तावित बैठक स्थगित हो गई है। अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 7 अक्तूबर को कैबिनेट बैठक होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि बैठक की अंतिम तारीख और एजेंडा आधिकारिक तौर पर अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
जानकारी के अनुसार, सितंबर में भी मंत्रिमंडल की बैठक नहीं हो पाई थी। इससे पहले 11 सितंबर को प्रस्तावित बैठक भी स्थगित की गई थी। अब लंबित मामलों को अगली बैठक में शामिल किए जाने की तैयारी है।
प्रस्तावित बैठक में कर्मचारियों से जुड़े मामलों, विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने और नई भर्तियों से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग समेत कई विभागों के महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने आने की संभावना है।
इसके अलावा पहले से लंबित एजेंडे के साथ मुख्यमंत्री की ओर से हाल में की गई कुछ घोषणाओं से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक में शामिल हो सकते हैं। इनमें 100 नए सीबीएसई स्कूलों और शिक्षकों की नियुक्ति तथा करीब 600 जूनियर इंजीनियर पदों पर भर्ती से संबंधित मामले भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
फिलहाल सरकार की ओर से 7 अक्तूबर की बैठक की औपचारिक अधिसूचना का इंतजार है। बैठक होती है तो लंबे समय से लंबित भर्ती और कर्मचारी मामलों को लेकर कई अहम फैसले सामने आ सकते हैं।
