अपनों को नाराज कर क्या निर्दलीय होशियार को मौका देगी भाजपा !
'जयराम जी मुझे भाजपा में ले लो' ... मानो देहरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक होशियार सिंह काफी वक्त से खुलकर ये ही पैगाम दे रहे है। 2017 में निर्दलीय चुनाव जीते होशियार सिंह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के चाहवान है और कई मौकों पर जयराम की जयकार करते रहे है। जब सेंट्रल यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री के बीच तल्खी दिखी थी, तब मुख्यमंत्री के अच्छे -अच्छे समर्थकों को सांप सूंघ गया था। पर निर्दलीय विधायक होशियार सिंह जयराम के पक्ष में बोले और खुलकर बोले। बावजूद इसके मुख्यमंत्री अपने इस समर्थक की पार्टी में एंट्री नहीं करवा पाएं। अब चुनावी बेला में होशियार सिंह ने फिर से भाजपा में जाने की इच्छा व्यक्त की है।
बीते दिनों होशियार सिंह ने देहरा में जन चेतना एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया। होशियार सिंह ने खुलकर भाजपा को अपनी पसंद बताया और जयराम ठाकुर को देहरा के विकास का श्रेय देने में भी कोई कोताही नहीं बरती। दिलचस्प बात ये है इस दौरान उन्होंने खुले मंच से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और ज्वालामुखी विधायक रमेश धवाला की भी तारीफ की। शायद उन्हें लगा हो कि संतुलन साधे बिना पार्टी में एंट्री मुश्किल है। हालांकि होशियार सिंह ने ये भी कह दिया है कि अगर बीजेपी उन्हें टिकट नहीं देती है तो वह किस पार्टी में जाएंगे, इसका फैसला सिर्फ देहरा की जनता करेगी।
देहरा निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की ग्राउंड रियलिटी की बात करें तो ऐसा नहीं है कि वहां भाजपा के पास नेतृत्व नहीं है। देहरा विधानसभा क्षेत्र से अक्सर रविंद्र रवि को भाजपा का संभावित उम्मीदवार माना जाता रहा है। हालांकि बाहरी होने की वजह से विरोधी उन्हें घेरने की कोई कसर नहीं छोड़ते। बीच-बीच में यह बात भी उड़ती रही है कि रवि ज्वालामुखी और वहां के मौजूदा विधायक रमेश धवाला देहरा से चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं भाजपा के संगठनात्मक जिला देहरा के अध्यक्ष संजीव शर्मा भी दावेदारों में से एक हैं। वे तत्कालीन परागपुर भाजपा मंडल के अध्यक्ष और पंचायती राज सेल के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। मौजूदा समय में उनकी सक्रियता किसी से छिपी नहीं है। इसके साथ ही इस फेहरिस्त में वन निगम के निदेशक नरेश चौहान डिंपल का नाम भी शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के करीबी और बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त क्रिकेट अंपायर अमित राणा और देहरा के हरिपुर गुलेर से भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉक्टर सुकृत सागर भी टिकट के दावेदारों में शुमार हैं। जाहिर है इतने दावेदारों को नकार कर होशियार सिंह को टिकट देना भाजपा के लिए जरा भी आसान नहीं होगा।
एंट्री की राह आसान नहीं :
आज़ाद विधायक होशियार सिंह की भाजपा में एंट्री को भाजपा मंडल ने सीधे तौर पर नकार दिया है। अगर भाजपा विधायक होशियार सिंह को टिकट देती है, तो देहरा भाजपा में बवाल तय होगा। रैली के बाद होशियार सिंह के भाजपा विरोधी बयान भी खूब वायरल होने लगे है। होशियार सिंह के ये पुराने भाजपा विरोधी बयान उनकी भाजपा में एंट्री का सबसे बड़ा अड़ंगा बन रहे है।
दुविधा में कांग्रेसी एवं कॉमरेड !
देहरा विधायक होशियार सिंह द्वारा वहां मौजूद जनसभा को सम्बोधित करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी रैली में केवल भाजपा समर्थक ही पहुँचे हैं, बाकी कोई भी अन्य दल के लोग उनकी इस जन चेतना आशीर्वाद यात्रा में नहीं पहुंचे। मीडिया के सामने खुले शब्दो में यह चीज कहने के उपरांत वहां मौजूद अन्य दल के लोग जो होशियार सिंह के समर्थक हैं वह उलझन में पड़ गए। अब देखना यह है कि क्या उक्त राजनीतिक विचारधारा के लोग अब भी होशियार सिंह को समर्थन देंगे।
भाजपा में ऐसे टिकट नहीं मिलते :
भाजपा में ऐसे टिकट नहीं मिलते है। चुनावी वर्ष है कई लोग टिकट मांगते है। होशियार सिंह की पार्टी से ऐसी कोई बात नहीं हुई। भाजपा एक कार्यकर्ताओं की अनुशासित पार्टी है। इसमें टिकट हाईकमान तय करता है। भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को कभी भी नजरअंदाज नहीं करती।
-सुरेश कश्यप, प्रदेशाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, हिमाचल
किसी मौकापरस्त को टिकट नहीं :
टिकेट की इच्छा कोई भी रख सकता है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी उसी को टिकेट देती है जो पार्टी के लिए काम करता है, न कि किसी मौक़ापरस्त को। बाहर से आने वालों को टिकट देना भाजपा की संस्कृति नहीं है।
-रविन्द्र रवि, पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री
एक भी काम बताएं जो भाजपा के पक्ष में किया हो :
हर समय भारतीय जनता पार्टी का विरोध किया। पिछले चार साल से देहरा में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया। दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर केस तक करवा दिए। 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर का विरोध किया। होशियार सिंह पहले एक भी काम बताएं जो उन्होंने भाजपा के पक्ष में किया हो, फिर भाजपा की टिकट मांगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लाकर भाजपा की टिकट मांगना बेशर्मी है।
- संजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा देहरा
मंडल को कमंडल कहने वाले को टिकट नहीं :
भाजपा मंडल को कमंडल कहने बाले को भाजपा कभी भी टिकट नही देगी। चार साल लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं को अपना विपक्ष माना, उन्हें प्रताड़ित किया, हमारे कार्यकर्ताओं पर केस करवाएं। भाजपा दूसरी विचारधारा वाले व्यक्ति को कभी भी टिकट नहीं देगी।
-निर्मल सिंह, मंडल अध्यक्ष भाजपा देहरा
