मछली पालन के लिए बनाया गया तालाब बना शो-पीस, ग्रामीणों में रोष
विकास खंड कुनिहार के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोठी के गांव जुबला में मत्स्य विभाग द्वारा बनाया गया तालाब ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन गया है। ग्रामीणों में नविन कुमार, राजेश, चेतराम, ल‘छीराम, हरिराम, रितादेवी, धनिदेवी, मीना देवी, पार्वती, निर्मला देवी, हेमचंद, पवन कुमार, चेतराम, राजेश कुमार, गोविन्द राम आदि ने कहा कि ग्राम पंचायत कोठी के अंतर्गत आने वाले गांव जुबला में मत्स्य विभाग द्वारा करीब 25, 30 वर्ष पूर्व मछली पालन के लिए एक तालाब बनाकर करीब दो तीन वर्ष ही उपयोग में लाया गया, उसके बाद वर्षों तक इसकी कोई सुध नही ली गई। तालाब कच्चा होने की वजह से तालाब के पानी के रिसाव के कारण साथ लगते मकानों में सीलन आ रही है। सबसे बड़ी परेशानी साथ लगती 15,16 बीघा उपजाऊ भूमि में तालाब के पानी के रिसाव से है। जिसकी वजह से उस भूमि में खेती नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने तालाब को छोटा व पक्का करवाए जाने की मांग की है, यदि इस तालाब का उपयोग नहीं करना हो तो तालाब को बंद करवाकर यंहा छोटा पार्क, खेल मैदान बना दिया जाए।
पंचायत व विकास खण्ड कुनिहार को भी इस परेशानी बारे पत्राचार से अवगत करवा कर समस्या का हल करने के लिए कहा गया परन्तु तालाब को मत्स्य विभाग के अंतर्गत आता है। पंचायत व विकास खण्ड कार्यालय ने अपना पल्ला झाड़ लिया व समस्या बरकरार रही। मत्स्य विभाग से ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान के लिए एक बार फिर पत्राचार किया, तो इस बार विभाग से उन्हें एनओसी मिल गई। अब ग्रामीणों ने पंचायत व विकास खण्ड अधिकारी कुनिहार को मत्स्य विभाग द्वारा दी गई एनओसी की कॉपी देकर इस तालाब के सौन्दर्यकरण व दीवारों को पक्का करवाने के लिए बजट का प्रावधान करने की मांग की है।
