प्रतिभा ने भाजपा सांसदों को लिखी पाती, एकजुट होकर पीएम से विशेष आर्थिक मदद के लिए आग्रह करने की कही बात
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य प्रतिभा सिंह ने प्रदेश भाजपा के तीनों लोकसभा व राज्यसभा सांसदों को पत्र लिख कर प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन से हुए नुकसान की भरपाई के लिए एकजुटता के साथ प्रयास करने व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करवा कर विशेष आर्थिक मदद लेने का आग्रह किया है।
प्रतिभा सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि प्रदेश में भारी बारिश व बाढ़ से हुए भूस्खलन की बजह से भारी जानमाल का नुकसान हुआ है। प्रदेश में एक ओर जहां करोड़ों रुपये की चल व अचल संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है, वहीं इस आपदा से जन जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
लोकतंत्र में चुने हुए प्रतिनिधियों की ऐसी आपदाओं के समय लोगों को राहत पहुंचाने व पुनर्वास कार्यों के प्रति बहुत बड़ी जिम्मेदारी बन जाती है।
राजनीति में भले ही हमारी विचारधारा अलग-अलग है, पर हिमाचल प्रदेश के सांसद होने के नाते हमारा कर्तव्य बन जाता है कि प्रदेश में आई इस आपदा में हमसब एकजुट होकर प्रभावित लोगों की मदद करें और पुनर्वास कार्यों में प्रदेश सरकार का सहयोग करें।
अगर सब मिलकर प्रधानमंत्री से प्रदेश में इस आपदा से हुए भारी जानमाल के नुकसान से अवगत करवाएं तो अवश्य ही प्रधानमंत्री प्रदेश की पीड़ा को समझते हुए विशेष आर्थिक मदद की मांग को पूरा करेंगे।
