रिवालसर : सार्वजनिक तौर पर प्रदेश की जनता से माफी मांगे प्रतिभा सिंह-मांचली ठाकुर
कहा, गुड़िया कांड को छोटी-सी घटना कहना कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की अपरिपक्वता की निशानी
अजय सूर्या। रिवालसर
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह द्धारा गुड़िया कांड को छोटी घटना कहने पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कड़ा संज्ञान लिया है। मंडी में महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मांचली ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए प्रतिभा सिंह पर बड़ा हमला बोला और कहा कि इस तरह के बयान उनकी राजनितिक अपरिपक्वता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा की देवभूमि हिमाचल में बालिकाओं को देवी की तरह पूजा जाता है और शक्ति का रूप माना जाता है, परंतु कांग्रेसी महिला नेत्री की इस तरह की बयानबाजी से प्रदेश की आधी आबादी कुंठित महसूस कर रही है और आक्रोशित है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह का ऐसे कुकृत्य को छोटी घटना कहना समाज में घटिया मानसिकता वाले लोगों के मनोबल को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त है।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रतिभा सिंह का यह बयान न केवल प्रदेश अपितु देश की करोड़ों महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह एक सांसद भी है और एक सांसद का ऐसा बयान उनकी सोच के स्तर और समाज के प्रति उनकी जवाबदेही पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह का बयान कांग्रेस पार्टी की महिलाओं के प्रति मानसिकता को दर्शाता है। इस मौके पर महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमन ठाकुर, प्रदेश सोशल मीडिया सदस्य महिला मोर्चा हेमलता शर्मा और महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सरोज चंदेल भी उपस्थित रही।
