कुनिहार : 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा की तैयारियां पूरी
रंजीत सिंह। कुनिहार
प्राचीन शिव तांडव गुफा कुनिहार में 18 फरवरी शुक्रवार से शुरू होने वाली 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। समिति अध्यक्ष राम रतन तनवर, उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर व सचिव गोपाल कृष्ण शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे प्राचीन तालाब मंदिर पर महापुराण ग्रंथ व कथावाचक ब्यास पंडित नागेश कपिल का स्वागत किया जाएगा। उसके उपरांत तालाब मंदिर से भव्य कलश यात्रा भजन-कीर्तन के साथ निकाली जाएगी।
यह कलश यात्रा कुनिहार बाजार, लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, कोठी चौक से होते हुए कथा स्थल शिव गुफा पहुंचेगी। कलश स्थापना के बाद कथा का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि 18 से 28 फरवरी तक चलने वाली इस कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सांय 4 बजे तक रहेगा। 4 से 6 बजे तक भंडारे का प्रसाद वितरण कार्यक्रम रहेगा। शंभू परिवार व सभी समिति सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।
