शिमला : शराचली क्षेत्र में सड़कों को मिलेगी प्राथमिकता : रोहित ठाकुर
सड़कें किसी भी विकास के क्षेत्र में जीवन रेखा की तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में तो विकास की संभावनाओं के द्वार खोल देती हैं। यह बात जुब्बल-नावर-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने कही। वह जुब्बल क्षेत्र के मांदल में विधायक जनता के द्वार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खनाशनी क्षेत्र के अंतर्गत उत्तराखंड की सीमा के साथ लगते धानसर और क्वांलटा गांव को जोड़ा गया हैं।
वहीं शराचली क्षेत्र में पहले की तरह ही सड़कों को प्राथमिकता दी जाएगी। रोहित ठाकुर ने कहा कि शराचली क्षेत्र के अंतर्गत 4 वर्षो से बंद पड़े सड़को के कार्य विधायक निधि के तहत प्रारंभ किए गए हैं। स्नैल से हाटकोटी के बीच बनने वाली लगभग 13 किलोमीटर सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग-707 का दर्जा पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मिला। उन्होंने कहा कि इस सड़क का टेण्डर 15 दिसम्बर, 2021 को ठेकादार को आबंटित कर दिया है। इस सड़क के निर्माण पर 77.68 करोड़ खर्च होंगे। पूर्व कांग्रेस सरकार के प्रयासों से जर्मन वित्तपोषित 18 करोड़ की लागत से हाटकोटी में 66 केवी विद्युत नियंत्रण केंद्र को जल्द ही जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इस दौरान ग्राम पंचायत मांदल के प्रधान बलवीर शर्मा जिला परिषद सदस्य कौशल मूंगटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोती लाल सीथटा, बीडीसी पूर्व उपाध्यक्ष संदीप सेहटा, भीम सिंह झौटा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जुब्बल अनिता चौहान आदि मौजूद रहे।
