ज्वालामुखी : झूठ की राजनीति करते हैं राहुल गांधी-रविन्द्र रवि
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी
पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता रविंद्र रवि ने राहुल गांधी द्वारा सदन में दिए गए बयान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के वक्तव्य को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा की जिस प्रकार राहुल गांधी ने झूठ को सच साबित करने का असफल प्रयास लोकसभा में किया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल गांधी और उनका परिवार जमानत पर चल रहा है और जनता जानती है कि क्यों चल रहा है? सार्वजनिक जीवन में कोई भी, किसी के भी साथ फोटो खिंचवा सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि उसके साथ किसी व्यक्ति के निजी संबंध हों। ऐसे तो राहुल गांधी, सोनिया गांधी, उनके परिवार के सदस्यों, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी कई बड़े व्यापारियों के चित्र हैं।
इसका मतलब यह नहीं कि वहे भी उनके साथ जुड़े हैं। राहुल गांधी ने संसद में जो कुछ कहा है, वह सब झूठ है झूठे आरोप लगाना और फिर भाग जाना राहुल गांधी की आदत रही है। वह हमेशा झूठ की राजनीति करते रहे हैं। कांग्रेस में अधिकतर नेता भ्रष्टाचार के आरोपों में शामिल हैं। रविन्द्र रवि ने पूछा है कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि नेशनल हेराल्ड स्कैंडल क्या है? किस तरह उन्होंने और उनके परिवार ने देश भर में फैली हजारों करोड़ रुपए की संपत्ति हड़प ली। अगस्ता वेस्टलैंड में कमीशन किसने कमाया। इस पर भी राहुल गांधी जवाब दें।
