शिमला पहुंचे राहुल गांधी, शाम 7:30 बजे छराबड़ा पहुंचे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार देर शाम शिमला पहुंचें। वह चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से शाम करीब 7:30 बजे शिमला के छराबड़ा पहुंचे। सोनिया और प्रियंका गांधी 4 दिन पहले से शिमला में हैं। अब राहुल गांधी भी मध्य प्रदेश चुनाव की थकान मिटाने वीकेंड पर यहां पहुंचे। पार्टी सूत्रों की माने तो वह अगले कुछ दिन छराबड़ा में रुक सकते हैं और यही से देश की राजनीति पर नजर रखेंगे। हालांकि आधिकारिक तौर पर राहुल का कोई प्रोग्राम नहीं है।
प्रियंका गांधी का घर है छराबड़ा में
छराबड़ा में प्रियंका गांधी ने कल्याणी हेलीपैड के समीप देवदार के घने जंगल के बीच पहाड़ी शैली में अपना घर बना रखा है। प्रियंका गांधी साल में पांच से छह बार यहां आती हैं।
सोनिया गांधी और बीच में राहुल गांधी भी छराबड़ा आते रहे हैं। इससे पहले भी राहुल गांधी का 15 अगस्त को कुल्लू में आपदा प्रभावितों से मिलने का कार्यक्रम था, लेकिन तब भारी बारिश से हुई तबाही के कारण वह नहीं आ पाए थे।