राजगढ़ : एसडीएम साहब! स्वयं सहायता समूहों को दें सरकारी स्कूल की छात्राओं की वर्दियां सिलने का काम

नप राजगढ़ की महिलाओं ने अधिकारी को सौंपा मांग पत्र
नगर पंचायत राजगढ़ में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की दीन दयाल अंतोदय योजना के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं स्वयं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में राजगढ़ नप के 10 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं सरकारी स्कूलों की लड़कियों की वर्दियां सिलकर स्वयं को आत्मनिर्भर बनाना चाहती हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने एसडीएम राजगढ़ व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ के प्रधानाचार्य को एक मांग पत्र सौंपा और कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं खुद को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी स्कूलों की लड़कियों की वर्दियां बनाना चाहती हंै। यदि प्रशासन और स्कूल इसकी अनुमती दे तो ये महिलाओं की आजीविका का एक अच्छा साधन बन सकता है।
नगर पंचायत में कार्यरत सामुदायिक प्रबंधक सुरक्षा संधू ने कहा कि यदि प्रशासन की अनुमति मिल जाती है तो ये महिलाओं के रोजगार का एक स्थाई साधन बन जाएगा। सुरक्षा संधु ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दीन दयाल अंतोदय योजना के तहत सिलाई का प्रशिक्षण भी दिया गया है और यदि प्रशसन से अनुमति मिल जाए तो नगर पंचायत राजगढ़ वार्ड-1 में गठित स्वयं सहायता समूहों द्वारा वर्दियों की सिलाई का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एसडीएम व प्रधानाचार्य दोनों ने इस विषय में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।