राजगढ़ : राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे हिमाचल के पत्रकारों की आवाज़ : रणैश
हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ़ जर्नलिस्ट की परवाणू इकाई व प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा हाल ही में नेशनल यूनियन ऑफ़ जर्नलिस्ट इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुने जाने पर रणैश राणा का प्रदेश के प्रवेश द्वार परमाणु के सर्किट हाउस में भव्य स्वागत किया गया। उसके बाद हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ़ जर्नलिस्ट प्रदेश कार्य समिति की बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें संगठन हित में कई अहम निर्णय लिए गए। इसमें नेशनल यूनियन ऑफ़ जर्नलिस्ट हिमाचल प्रदेश के महामंत्री किशोर ठाकुर, संगठन मंत्री गोपाल दत्त शर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व नवनियुक्त प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, अध्यक्ष अमित ठाकुर, राजेंद्र मेहरा, विमल ग्रोवर, बंसी बाबा, कृष्ण डोडा, टेकराज, नितिन साहू, सुंदर लाल सहित बद्दी प्रेस क्लब के सदस्य, ऊनाप्रेस क्लब के सदस्य व प्रदेश से लगभग 35 पत्रकारों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणैश राणा ने कहा कि जैसे संगठन प्रदेश भर के पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन ,पत्रकार कल्याण बोर्ड का गठन, सरकारी मान्यता के नियमों सरलीकरण व पत्रकारों की आय व अन्य कई मुद्दों को प्रदेश सरकार के सामने उठाते आए हैं वैसे ही अब हिमाचल के पत्रकारों की आवाज़ हम राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे और पत्रकारों को जो हक़ मिलना चाहिए, उसे हर हाल में दिलवाने का प्रयास करते रहेंगे। रणैश राणा ने कहा की पत्रकारिता संविधान का चौथा स्तम्भ है। पत्रकार जब खबरें लिखते हैं तो उसका समाज में बहुत असर होता है, इसलिए जब भी खबरें लिखें तो हर तथ्य और हर पहलू को ध्यान में रख कर लिखें।