धर्मशाला : रक्कड़ स्कूल ने धूमधाम से मनाया अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समाराेह
समाराेह में विधायक सुधीर शर्मा ने की बताैर मुख्यातिथि शिरकत
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के पंचायत रक्कड़ में आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रक्कड़ का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के विधायक सुधीर शर्मा मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में सबसे पहले स्काउट एंड गाइड द्वारा सलामी दी गई। तदोपरांत मां सरस्वती का वंदन किया गया व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। छोटे बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। सभी को संबोधित करते हुए विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि रक्कड़ विद्यालय को उन्हीं के पिछले कार्यकाल में वर्ष 2016 में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दर्जा दिया गया था।
उन्होंने यह भी कहा कि रक्कड़ स्कूल को प्रदेश सरकार द्वारा मॉडल स्कूल के रूप में चयनित करवाया जाएगा, ताकि सभी प्रकार कि सुविधाएं छात्र-छात्राओं को मिल सकें । मॉडल स्कूल के अंतर्गत बच्चों को अच्छी शिक्षा, भव्य भवन, खेल मैदान, स्मार्ट क्लासरूम एक ही जगह प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों की प्रतिस्पर्धा न केवल सहपाठियों से है अपितु वैश्विक स्तर पर पढ़ने वाले बच्चों से है। आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य निर्धारण करना अति आवश्यक है, ताकि पूरी लगन और तन्मयता के साथ आगे बढ़ा जा सके। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम करने वाले बच्चों को अपनी ओर से 21000 की सम्मान राशि देने की घोषणा की। इस मौके पर सभी अधिकारी, अभिभावक व स्थानीय लोग व स्कूल विद्यार्थी मौजूद रहे।
