करसोग भाजपा में बगावत खत्म, सभी ने एकजुट होकर साथ चलने की कही बात
राज सोनी। करसाेग
भाजपा हाईकमान द्वारा विधानसभा क्षेत्र करसोग से भाजपा का टिकट भंथल निवासी दीप राज कपूर को दिया गया। दीप राज कपूर को टिकट मिलने से जहां काफी हद तक युवाओं में जोश देखा गया। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा मंडल करसोग द्वारा करसोग में टिकट आवंटन को लेकर भाजपा में बगावत हो गई थी। यहां बुधवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विधायक हीरालाल समेत दो अन्य दावेदारों ने भाजपा हाईकमान से टिकट को बदले जाने की भी मांग रखी थी। विधायक हीरालाल ने कहा था कि करसोग में भाजपा का टिकट देने का निर्णय सही नहीं है। पार्टी हाईकमान को इस पर पुनः विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा था कि करसोग विधानसभा क्षेत्र से मेरे साथ जिन दो अन्य दावेदारों ने टिकट के लिए आवेदन किया था, सभी जमीन से जुड़े हुए कार्यकर्ता हैं, लेकिन टिकट आवंटन के समय इस योग्यता को दरकिनार किया गया। इसलिए सभी ने पार्टी से करसोग में टिकट को लेकर पुनः विचार किए जाने का निवेदन किया था।
वहीं, वीरवार को कार्यकर्ताओं और टिकट के दावेदारों के साथ बैठक कर आगामी रणनीति तैयार की बात कही गई थी। उन्होंने कहा था कि करसोग में भाजपा ने जिस उम्मीदवार को टिकट दिया है, ये निर्णय भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं की राय से मेल नहीं खाता है, लेकिन वही वीरवार को भाजपा मंडल करसोग द्वारा टिकट के दावेदार तीनों नेताओं की उपस्थिति में एक बैठक का आयोजन किया गया तथा उसमें यह निर्णय लिया गया कि पूर्व विधायक हीरालाल युवा नेता युवराज कपूर वह युवा नेता अमि चंद सहित भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारी दीपराज को समर्थन करते हुए आगे चलेंगे और एकजुट होकर करसोग से सीट निकाल कर भाजपा की झोली में डालेंगे। वहीं, दीप राज कपूर द्वारा शुक्रवार को नामांकन पत्र भरा जाएगा। इसमें अब भाजपा के अन्य कार्यकर्ताओं का क्या रोल रहेगा, यह अब समय पर ही तय होगा।
