अर्की घटक में टोकन घोटाले की जांच पड़ताल की रिपोर्ट जारी
दी मांगल लैंड लूजर एवं प्रभावित परिवहन सहकारी सभा बागा में अर्की घटक में टोकन घोटाले की जांच पड़ताल की रिपोर्ट जारी कर दी है।काबिलेगौर जिक्र रहे कि दिसम्बर 2019 में सभा के अर्की घटक में पांच मल्टीएक्सल गाडियों का मामला सामने आया व सभा सदस्यों के विरोध के बावजूद इन पांचों मल्टीएक्सल गाड़ियों के दस्तावेजों की हुई एसडीम कार्यालय में छानबीन में पांचो मल्टीएक्सल गाड़ियों गलत पाई गई थी। उसी दिन से अर्की घटक के ट्रक ऑपरेटरों ने प्रशासन व सहकारिता विभाग से गुहार लगाई थी कि सभा में बड़ा टोकन घोटाला हो चुका है व इसकी निष्पक्ष जांच की जाए, जिससे सभा नामित कमेटी सदस्यों व कर्मचारियों की मिलीभगत से लगाई गई गलत गाड़ियों को बाहर किया जा सके व ऑपरेटरों को हो रहे आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। सभा सदस्यों ने सहकारिता विभाग शिमला को इस टोकन घोटाले के बारे में एक शिकायत पत्र सौंपा व गलत दस्तावेजों को जमा करवाकर लगाई गई गाड़ियों को बाहर निकालने की गुजारिश की।
पंजीयक सहकारी सभाएं शिमला ने उक्त मामले पर कार्रवाई करते हुए सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं सोलन को तुरंत जांच पड़ताल करने के आदेश जारी किए। इस बावत अर्की घटक की गाड़ियों का सारा रिकॉर्ड सोलन तलब किया गया व सारे मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई। इस जांच पड़ताल में नामित प्रबंधक कमेटी सदस्यों, शिकायतकर्ताओं व सभा सचिव,सभा कर्मचारी को शामिल किया गया लेकिन कोविड-19 के कारण जांच पड़ताल कार्य जून 2020 में शुरू किया गया जांच पड़ताल के प्रणाम बड़े चौंकाने वाले हैं। सदस्यों का शक सही निकला। अर्की घटक में बड़े पैमाने में मल्टी एक्सेल गाड़ियां व छ चक्का गाड़ियों को लगाने में बड़े स्तर पर हेरफेर हुआ है। जांच पड़ताल रिपोर्ट में पाया गया है जो गाड़ियां सभा में कभी नहीं चली उनके भी गलत व जाली दस्तावेज बनाकर अर्की घटक में मल्टी एक्सल गाड़ियां व छह चक्का गाड़ियां सभा में लगा दी गई व कुछ मामलों में तो जरूरी दस्तावेज मौजूद ही नहीं पाए गए हैं व एक व्यक्ति ने चार पांच लोगों को जाली शपथ पत्र दे दिए व अर्की घटक में गलत तरीके से गाड़ियां डाल दी। इससे साफ जाहिर है इस पूरे प्रकरण को बड़े सुनमोचित ढंग से अंजाम दिया गया व एक बड़ा टोकन घोटाला सामने आया। इस प्रकरण में एक बड़े पूंजीवादी गुट का हाथ रहा। वहीं एक दलाल ग्रुप ने भी फर्जी टोकन बिकाऊ कर हाथ साफ किए व कुछ नामित प्रबंधक कमेटी सदस्यों व सभी कर्मचारियों की मिलीभगत से सहकारिता के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई गई व इसका सीधा असर अर्की घटक के ट्रक बेरोजगार व शरीफ ट्रक ऑपरेटरों को झेलना पड़ा।फर्जी ट्रक चलने से ट्रक ऑपरेटर का सीधा आर्थिक नुकसान हुआ।
यह फर्जीवाड़ा मल्टी एक्सल डालने के आदेश के बाद नवंबर 2018 से लेकर मार्च 2020 तक चलता रहा। अर्की घटक के ट्रक आपरेटरों ने इस टोकन घोटाले की जांच पड़ताल करवाने के लिए सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व में सहकारिता मंत्री रहे राजीव सहजल, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का धन्यवाद किया है व सरकार व सहकारिता विभाग से निवेदन किया है कि गलत तरीके से लगाई गई मल्टी एक्सल व 6 चक्का गाड़ियों को सभा से बाहर निकाला जाए व दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए, जिससे सभा में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम लग सके व ट्रक ऑपरेटरों के हित सुरक्षित किया जा सके। सभा सदस्य वीरेंद्र शर्मा, नील कमल ठाकुर, प्रदीप शर्मा, हेमचंद, चमन ठाकुर, भगतराम, यतेश्वर शर्मा, अनिल शर्मा, पवन शर्मा, गौरव ठाकुर, प्रकाश ठाकुर, चिंताराम, महेश शर्मा, दिवाकर सेन, हीरालाल चंदेल, संतराम, दीपक ठाकुर, नागेंद्र राम, राजेंद्र, बंटी, सुरेंद्र वर्मा, मदन, अशोक शर्मा, रवि कांत पाठक व शीतलपाल ने सरकार से व विभाग से जांच पड़ताल रिपोर्ट पर त्वरित कार्यवाही की मांग की है।
एआरसीएस सोलन नीलम कश्यप का कहना है कि जिला निरीक्षक द्वारा फाइलों की जांच पूरी कर ली गई है। 57 गाड़ियों की फाइलों में खामियां पाई गई है। जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। 42 गाड़ियों से सम्बंधित फाइलों को सभा द्वारा अभी तक नही भेजा गया है।
