पालमपुर : वर्तमान सरकार में बढ़ा महिलाओं का मान सम्मान : इंदु गोस्वामी

राज्य सभा सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री इंदु गोस्वामी ने मनसिम्बल में विशाल महिला सम्मेलन में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्य्रकम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने की। इंदु गोस्वामी ने विशाल महिला सम्मेलन के आयोजन के लिये बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और सक्षम नेतृत्व में देश सुरक्षित है तथा विश्व में शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ा है और महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण तथा महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में सुदृढ़ता प्रदान करने के लिए अनेक योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन हो रहा है। इंदु ने कहा कि आने वाले वर्षों में प्रदेश में विकास की गति बनाए रखने के लिए हिमाचल और केंद्र में डबल इंजन सरकार बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान तथा उनके समग्र विकास के लिए वचनबद्ध है। केन्द्र सरकार के साथ-साथ प्रदेश सरकार ने अनेक प्रभावी योजनाओं के माध्यम से महिला उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किया है। विधानसभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने कहा कि आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में महिलाओं के भव्य कार्यक्रम के माध्यम से महिला मोर्चा की बहनों से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि "नारी शक्ति है, सम्मान है, नारी गौरव है, अभिमान है।
नारी ने ही यह सजा विधान है, नारी को शत-शत प्रणाम है।" परमार ने कहा कि प्रदेश एवं राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार महिला सशक्तिकरण और आधी आबादी को आत्मनिर्भर तथा सक्षम बनाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में समाज और देश के लिये बहुत कुछ करने की क्षमता है और महिला समाज में किसी भी समस्या को पुरुषों से अधिक बेहतर ढंग से निपटाने की ताकत रखती है। उन्होंने कहा कि महिला उत्थान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने महिला सम्मान को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश की सभी सरकारी बसों में महिलाओं के किराए को 50 प्रतिशत किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण को सुनिश्चित बनाकर सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं पंचायती राज संस्थाओं में प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, ज़िला परिषद सदस्य समिति सदस्य, पार्षद, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन कर रही हैं।
कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष देश राज शर्मा, जिला अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा रागनी रुकवाल, प्रभारी महिला मोर्चा गायत्री कपूर, अध्यक्षा महिला मोर्चा मोनिका राणा, वीना श्रीवास्तव, बीडीसी चेयरमैन भवारना अनिता चौधरी, बीडीसी चेयरमैन सुलाह कुशम लता, विस्तारक रूपेंद्र ठाकुर , सुधा राणा, सुषमा राणा, लवलीन परमार, पवना देवी, सुमन कटोच, दया पठानिया, सुषमा भटेडिया सहित महिलाएं उपस्थित रही।