शिमला : टैक्सियों की बहाली तुरंत न हुई तो नागरिक सभा करेगी कार्यालय का घेराव
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
शिमला नागरिक सभा की कैथू व अनाडेल इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को गुरु निवास चुंगीखाना कैथू व अनाडेल में एचआरटीसी टैक्सी सुविधा को लेकर एचआरटीसी कार्यकारी निदेशक भूपिंद्र अत्री से मुलाकात की व उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। कार्यकारी निदेशक ने आश्वासन दिया कि अगले कुछ दिनों के भीतर गुरु निवास चुंगीखाना कैथू व अनाडेल के लिए एक के बजाए दो टैक्सियों का प्रबंध कर दिया जाएगा। नागरिक सभा के इकाई संयोजक बालक राम व सह संयोजक रंजीव कुठियाला ने कहा है कि पहले गुरु निवास चुंगीखाना कैथू व अनाडेल के लिए दो एचआरटीसी टैक्सियां चलती थीं, परंतु अब केवल एक टैक्सी के संचालन से स्थानीय जनता भारी परेशानी में है।
गुरु निवास चुंगीखाना व कैथू क्षेत्र में बस सुविधा के अभाव में आम जनता के लिए एचआरटीसी टैक्सी ही एकमात्र सहारा था, परंतु दो में से एक टैक्सी बंद होने से जनता इस सुविधा से भी वंचित हो गई है। एक ही टैक्सी के संचालन से अनाडेल की जनता को भी भारी परेशानी हो रही है। क्योंकि एकमात्र टैक्सी का संचालन गुरु निवास चुंगीखाना कैथू व अनाडेल दोनों जगह से शिफ्ट वार हो रहा है। वर्तमान में जो एकमात्र एचआरटीसी टैक्सी चल रही है, उसकी स्थिति भी अति दयनीय है।
उन्होंने मांग की है कि एचआरटीसी द्वारा अनाडेल से बड़ी गाड़ी टैम्पो ट्रेवलर व गुरु निवास चुंगीखाना कैथू से इनोवा गाड़ी का संचालन टैक्सी के रूप में किया जाए। उन्होंने कहा है कि अगर दोनों टैक्सियों की बहाली तुरंत न हुई, तो नागरिक सभा आंदोलन पर कूदेगी व एचआरटीसी प्रबंध निदेशक कार्यालय का घेराव करने से भी नहीं चूकेगी।
