सेब पर भारी पहाड़ी मटर! 210 रुपये किलो तक पहुंचा भाव
शिमला। राजधानी शिमला की ढली सब्जी मंडी में पहाड़ी मटर ने इस सीजन में जोरदार दस्तक दी है। शुरुआती सीजन में ही अच्छी गुणवत्ता वाला मटर 210 रुपये प्रति किलो तक बिका है। मंडी में मटर के दाम फिलहाल 100 से 210 रुपये प्रति किलो तक चल रहे हैं।
मटर का सीजन अभी शुरुआती दौर में है, जिसके चलते ढली मंडी में रोजाना करीब 50 से 60 बोरियां ही पहुंच रही हैं। मंडी जिले के करसोग और आसपास के क्षेत्रों से मटर की आवक शुरू हुई है। कम आवक और बाहरी राज्यों में बढ़ी मांग के कारण मटर के दामों में उछाल आया है।
आढ़तियों के अनुसार हिमाचली पहाड़ी मटर की दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, गुजरात समेत कई बड़े शहरों में अच्छी मांग है। वहीं सोमवार को मंडी में सब्जियों की कुल आवक भी कम रही, जिसका असर दामों पर देखने को मिला !
मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टू वर्मा के मुताबिक अभी सीजन की शुरुआत है और बड़े शहरों से मांग मजबूत बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी मटर के भाव मजबूत रहने की उम्मीद है। अच्छे दाम मिलने से मटर उत्पादक किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं।
यानी इस समय पहाड़ी मटर किसानों के लिए 'हरी कमाई' का बड़ा जरिया बन गया है।
