शिमला : नई राहें, नई मंजिलें योजना के अंतर्गत पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगा सैंज क्षेत्र-सीएम
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज कुल्लू जिला के बंजार विधानसभा क्षेत्र में सैंज मेले के अवसर पर विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए नई राहें, नई मंजिलें योजना के अंतर्गत कुल्लू जिला के सैंज क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने, सैंज में संयुक्त कार्यालय भवन निर्मित करने तथा क्षेत्र के लोगों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य स्वास्थ्य केंद्र सैंज की क्षमता 50 बिस्तरों तक करने की घोषणा की। उन्होंने 2.70 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर सैंज तथा ग्राम पंचायत कोटला में ‘हर घर नल से जल’ योजना के अंतर्गत 2.07 करोड़ रुपए की जलापूर्ति योजना लारजी का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने सैंज में खण्ड प्राथमिक शिक्षा कार्यालय भवन का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और त्यौहार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मेले मनोरंजन का मुख्य साधन हैं। इस तरह के आयोजनों से न केवल समृद्ध परंपराओं तथा संस्कृति को संरक्षित करने में मदद मिलती है, बल्कि इससे हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत भी समृद्ध होती है। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी संस्कृति पर हमेशा गर्व करना चाहिए। क्योंकि अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ा समाज ही आगे बढ़ता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान प्रदेश के लोग केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विकासात्मक कार्यक्रमों से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत योजना व उज्ज्वला योजना इत्यादि अनेक योजनाओं का प्रदेश के लाखों लोगों ने लाभ उठाया है। इसी प्रकार गृहिणी सुविधा योजना, सहारा योजना, हिमकेयर, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना से राज्य के लगभग प्रत्येक परिवार को लाभ पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय सिनहान को उच्च विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय कनौन को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मनिहार एवं काइशुधार को राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक संगठनों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्यों का अभिनंदन करते हुए कहा कि स्थानीय देवी-देवताओं के आशीर्वाद से आज मुख्यमंत्री ने सैंज में 2.70 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र के लोगों के प्रति मुख्यमंत्री के स्नेह के कारण ही क्षेत्र में डिग्री कॉलेज और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना संभव हो पाई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का आग्रह करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं है। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों से भी अवगत करवाया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष भीम सैन शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष बलदेव महन्त, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, पुलिस निदेशक गुरदेव शर्मा अन्य सहित उपस्थित थे।
