28 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित होगा सल्याणा छिंज मेला
जिला स्तरीय सल्याणा छिंज मेला की बैठक मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीम पालमपुर डॉ अमित गुलेरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा विशेष रूप में उपस्थित रहे। पांच दिवसीय मेले का आयोजन 28 मार्च से 1 अप्रैल तक किया जायेगा। मेले का शुभारम्भ शोभा यात्रा के साथ होगा। यादविंदर गोमा ने कहा कि मेले को आकर्षक और मनोरंजक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जायें। उन्होंने कहा कि मेले में सभी की सहभागिता को सुनिश्चित बनाया जाये और मेले महिलाओं के लिए मनोरंजक खेलों के अतिरिक्त बेबी-शो, डॉग, शो, कार्फ़ रैली, वॉलीबॉल, कबड्डी और विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाये।
विधायक ने कहा कि मेला सभी का है और मेले की सफलता में सभी का सक्रिय सहयोग और योगदान जरूरी है। उन्होंने कहा कि इलाका वासियों के सहयोग से ही मेले के स्तर को बढ़ाकर राज्य स्तरीय मेले का दर्जा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्सव अधिक मनोरंजक तथा आकर्षक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाने की जरूरत है। उन्होंने समस्त पंचायतों से धन संग्रह में भी सहयोग देने की अपील की और कहा कि अधिक धन संग्रह देने वाली पंचायतों के प्रधानों को विशेष रूप में सम्मानित किया जायेगा।
उन्होंने मेला समिति को सभी चुने हुए प्रतिनिधियों का उत्सव के दौरान मान-सम्मान को सुनिश्चित बनाने की बात कही। विधायक ने कहा कि सल्याणा छिंज मैदान में मेला से पूर्व दो हाई मास्क लाइट लगाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले से पूर्व सड़क को कंक्रीट सड़क बना दिया जाएगा और उसकी चौड़ाई का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि मेले के सफल आयोजन के लिए शीघ्र ही कमेटियों का गठन के दिशा- निर्देश दिये। उन्होंने मेले के दौरान प्लॉट आवंटन में पूर्ण पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए और मेले के लिए अपनी ओर से 11000 सहयोग देने घोषणा की।
