जयसिंहपुर : 28 मार्च से पहली अप्रैल तक आयोजित होगा सल्याणा छिंज मेला
सलियाणा छिंज मेला का दर्जा बढ़ाने के होंगे प्रयास-यादविंदर गोमा
नरेंद्र डाेगरा। जयसिंहपुर
पंचरुखी जिला स्तरीय सल्याणा छिंज मेला की बैठक मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीम पालमपुर डॉ अमित गुलेरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा विशेष रूप में उपस्थित रहे। पांच दिवसीय मेंले का आयोजन 28 मार्च से पहली अप्रैल तक किया जायेगा। मेले का शुभारंभ शोभा यात्रा के साथ होगा। यादविंदर गोमा ने कहा कि मेले को आकर्षक और मनोरंजक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेले में सभी की सहभागिता को सुनिश्चित बनाया जाए और मेले महिलाओं के लिए मनोरंजक खेलों के अतिरिक्त बेबी शो, डॉग, शो, कार्फ़ रैली, वॉलीबॉल, कबड्डी और विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाए। विधायक ने कहा कि मेला सभी का है और मेले की सफलता में सभी का सक्रिय सहयोग और योगदान जरूरी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र वासियों के सहयोग से ही मेले के स्तर को बढ़ाकर राज्य स्तरीय मेले का दर्जा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्सव अधिक मनोरंजक तथा आकर्षक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाने की जरूरत है। उन्होंने समस्त पंचायतों से धन संग्रह में भी सहयोग देने की अपील की और कहा कि अधिक धन संग्रह देने वाली पंचायतों के प्रधानों को विशेष रूप में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने मेला समिति को सभी चुने हुए प्रतिनिधियों का उत्सव के दौरान मान-सम्मान को सुनिश्चित बनाने की बात कही। विधायक ने कहा कि सल्याणा छिंज मैदान में मेला से पूर्व दो हाई मास्क लाइट लगाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले से पूर्व सड़क को कंक्रीट सड़क बना दिया जाएगा और उसकी चौड़ाई का कार्य भी प्रगति पर है।
