संगड़ाह: लुधियाना खेल मैदान में 4 लाख से होगा मंच का निर्माण : विनय कुमार
** विधानसभा उपाध्यक्ष ने मैदान में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में की शिरकत
विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने आज रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के तहत संगड़ाह के लुधियाना में बाईलेश्वर क्रिकेट क्लब लुधियाना द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि युवाओं को खेलकूद प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य हैं और अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल युवाओं को देश हित में राष्ट्र को मजबूत करने में लगाना चाहिए।
विनय कुमार ने कहा कि, लुधियाना के इस खेल मैदान को और अच्छी तरह से विकसित किया जाएगा। उन्होंने इस खेल मैदान में मंच निर्माण के लिए प्रथम चरण में 4 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मैदान में बिजली और पानी की व्यवस्था भी की जाएगी जिसके लिए उन्होने जल शक्ति और बिजली विभाग को निर्देश दिए। उन्होने कहा कि इस मैदान में आने वाले समय में और अधिक टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे ऐसी आशा करते हैं।
इस प्रतियोगिता में 86 टीमों के करीब 900 खिलाडी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एक लाख रूपये तथा द्वितीय पुरस्कार में 51,555 रुपये रखे गए हैं।