मंत्री सरवीण चौधरी ने दाड़लाघाट में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
दाड़लाघाट। पंचायत चुनावों में भाजपा के प्रधान विजयी हो ऐसा हमारा लक्ष्य है। भाजपा कार्यकर्ता चुनाव में मजबूती के साथ व पूरे जोश के साथ कार्य करेंगे। यह बात देर शाम शुक्रवार को कांगड़ा प्रवास को जाते हुए सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने बाघल होटल दाड़लाघाट में कही। इस मौके पर पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा व किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजय ठाकुर भी मौजूद रहे। इस अवसर पर विभिन्न गांव से आए लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से मंत्री सरवीण चौधरी को अवगत करवाया।
मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि पंचायत चुनाव भी नजदीक है और इन चुनावों में बीजेपी के उम्मीदवार मजबूत होकर विजयी होंगे। सरवीण चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की जो समस्याएं है, वो कार्यकर्ताओं द्वारा बताई गई। वार्षिक बजट के अंत में सप्लीमेंट्री बजट आता है। इस बजट में इन समस्याओं के समाधान हेतु प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सभी विभाग मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। चौधरी ने कहा कि आज वो शाहपुर में वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में थी व इसके बाद उन्होंने सभी विभागों की एक बैठक रखी है जिसमें सभी जिलों का जो भी बकाया फंड बचता है, उसे इस सप्लीमेंट्री में रखा जाएगा व उसका एक बड़ा हिस्सा ओबीसी व एससी-एसटी के लोगों को पेंशन, घर बनाने के लिए, रास्तों के लिये व कुछ गांव जो गोद लिए जाते है। उनके विकास कार्य करने की हमारे विभाग की प्राथमिकता होगी। इस दौरान अर्की विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने भी उनके समक्ष अपनी मांगों को पूरा करने का आग्रह किया। इस दौरान मंत्री सरवीण चौधरी ने विभिन्न पंचायतों से आए हुए लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा,किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजय ठाकुर, ओबीसी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र सिंह चौधरी, अम्बुजा सीमेंट कंपनी दाड़लाघाट से प्रभावित किसान सभा के अध्यक्ष जगदीश शर्मा, बालकराम शर्मा, धर्मपाल शर्मा, नरेश गौतम, हंसराज भाटिया, सुनीला शर्मा, भगत राम, दया राम, ज्ञान सिंह ठाकुर, हेतराम, घनश्याम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
