50 प्रतिशत स्टाफ के साथ खुले दाड़लाघाट व आस-पास के स्कूल
हिमाचल प्रदेश में सोमवार से सरकार ने लगभग 6 मास पश्चात् नौवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोल दिए, लेकिन कोरोना के चलते किसी किसी विद्यालय में नाम मात्र की उपस्थिति पाई गई।हालांकि स्कूल में आधा स्टाफ उपस्थित रहा फिर भी नाममात्र अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजने की हिम्मत दिखाई।
उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में पचास फीसद स्टाफ के साथ यहां कुछ विद्यार्थी ही पहुंचे। हालांकि बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर स्टाफ के साथ चर्चा की। अध्यापकों की ओर से उनको प्रदेश सरकार की ओर से जारी प्रपत्र के बारे में जानकारी दी गई तथा उसे भरने के बाद ही स्कूल आने के लिए कहा। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में कुछ छात्र पेपर जमा करवाने के लिए स्कूल पहुंचे थे। यही स्थिति आसपास के अन्य विद्यालयों में भी रही।
वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट सरकार द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार आज फिर से खुल गया। इस दौरान पाठशाला में 50% अध्यापकों की उपस्थिति रही। विद्यार्थियों को गेट पर ही सैनिटाइज किया गया और उनके तापमान को माप कर पाठशाला में प्रवेश दिया गया। अध्यापकों ने विद्यार्थियों की विभिन्न विषयों में आने वाली समस्याओं का समाधान भी किया। इस दौरान पाठशाला के प्रधानाचार्य प्रकाश शर्मा सहित अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।
