शिमला: केंद्र से आपदा राहत के रूप मे मिले 633 करोड़ ऊंट के मुंह में जीरा : प्रतिभा सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को आपदा राहत के रूप में जारी किए 633 करोड़ रुपये को ऊंट के मुंह में जीरा करार दिया है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह कांग्रेस शासित राज्य हिमाचल के साथ आपदा राहत पर भेदभाव कर रही है, जो कभी सहन नहीं होगा।
प्रतिभा ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन से 12 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान आंका गया है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार ने इससे पूर्व प्रदेश को जो भी राशि जारी की है, वह प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए हर साल सभी प्रदेशों को केंद्र से मिलने वाली केंद्रीय हिस्सेदारी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि भाजपा के नेता आपदा राहत को लेकर लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। भाजपा नेताओं का प्रदेश के हितों के प्रति नकारात्मक रवैया बहुत ही खेदजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सीमित संसाधनों से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रही हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने संसद में केंद्र सरकार से एक प्रश्न में पूछा था कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हिमाचल प्रदेश को क्या कोई विशेष आर्थिक मदद प्रदान की गई तो जवाब में केंद्र सरकार ने ऐसी आपदाओं से निपटने की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकारों पर डाली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने माना है कि उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से विशेष आर्थिक मदद की मांग की गई।