शिमला: HPU के पत्रकारिता विभाग के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की भेंट
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से संवाद करते हुए शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों और सरकारी संस्थानों में गुणवत्ता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए छात्र जीवन और विश्वविद्यालय के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि 17 वर्ष की आयु में कक्षा प्रतिनिधि के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई थी। इसके बाद उन्होंने एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। आगे चलकर वे नगर निगम शिमला के पार्षद और फिर नादौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए।
उन्होंने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाला कोई भी व्यक्ति मुख्यमंत्री पद तक पहुंच सकता है, जिसका उदाहरण उनकी अपनी जीवन यात्रा है। उन्होंने छात्रों को राजनीति में सक्रिय भागीदारी और जनसेवा के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, हरीश जनारथा, विवेक शर्मा और प्रो. शशिकांत शर्मा भी मौजूद रहे।
