शिमला: दिल्ली में दिखेगी हिमाचली संस्कृति की झलक : हर्षवर्धन

-16 से 30 दिसंबर तक हिमाचल सरकार करवा रही हिमोत्सव
-633.73 करोड़ आपदा राशि जारी करने पर केंद्र सरकार का किया धन्यवाद
दिल्ली में जल्द ही हिमाचल प्रदेश की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। 16 दिसंबर से 30 दिसंबर तक राजधानी दिल्ली में हिमाचल सरकार हिमोत्सव का आयोजन करने जा रही है। जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस हिमोत्सव में हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक कला, संस्कृति, परिधान और स्वादिष्ट व्यंजनों का जायका उपलब्ध होगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्सव में हिमाचल के परिधानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हिमाचली फैशन शो भी करवाया जाएगा।
हिमोत्स्व में होगा हिमाचली फैशन शो
हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के कोने कोने में बसे हैंडलूम कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का मौका मिलेगा। हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि इस हिमोत्स्व में हिमाचल के पारंपरिक परिधान, हैंडलूम उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा यहां हिमाचल के विभिन्न जिलों के व्यंजन भी लोगों के लिए उपलब्ध होंगे। साथ ही इसमें विशेष तौर पर हिमाचल के परिधानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हिमाचली फैशन शो (Himachali Fashion Show) भी कराया जाएगा।
केंद्र से और मदद की उम्मीद
केंद्र की ओर से आपदा के लिए 633.73 करोड़ की राहत राशि जारी की गई। इसको लेकर हिमाचल सरकार में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश लंबे समय से केंद्र से मदद का इंतजार कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार का इस मदद के लिए धन्यवाद किया। साथ ही उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश में आपदा में बहुत नुकसान पहुंचा है। ऐसे में प्रदेश को एक स्पेशल राहत पैकेज की जरूरत है। हम उम्मीद करते हैं कि केंद्र प्रदेश को और मदद देगा।