शिमला : विधानसभा अध्यक्ष ने पूर्व विधायक बीके चौहान के निधन पर प्रकट किया शोक

प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चंबा सदर के पूर्व विधायक बाल कृष्ण चौहान के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि बाल कृष्ण चौहान प्रखर वुद्वि के स्वामी होने के साथ-साथ जमीन से जुड़े नेता थे। वे एक प्रखर वक्ता तथा सीधे तौर पर गरीबों, असहायों तथा समाज में पिछड़े वर्ग की सहायता हेतु तत्पर रहते थे। उनके निधन से प्रदेश को अपूर्णीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है।
पठानिया ने कहा कि बाल कृष्ण चौहान चंबा सदर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे। उनका विधानसभा के सदस्य के रूप में कार्यकाल उत्कृष्ट तथा अविस्मरणीय रहा है। पठानिया ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है तथा संपूर्ण परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की परम पिता परमात्मा से प्रार्थना की है व दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।