शिमला: भाजपा ने कांग्रेस सरकार को चंबा हत्याकांड और चरमराई कानून-व्यवस्था को लेकर आड़े हाथ लिया
( words)

भाजपा हिमाचल प्रदेश ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में हिमाचल से राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने वर्तमान कांग्रेस सरकार को मनोहर चंबा हत्याकांड और प्रदेश में चल रही कानून अव्यवस्था को लेकर आड़े हाथ लिया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा चंबा जिले मनोहर लाल की निर्मम हत्या के संबंध में आपका ध्यान आकर्षित करना चाहती है। मनोहर के शरीर के 8 टुकड़े किए गए थे और इसलिए इस निर्मम हत्याकांड को महज एक हत्या के रूप में नहीं देखा जा सकता, क्योंकि हिमाचल प्रदेश में इस तरह की अमानवीय घटना आज से पूर्व न देखी और न सुनी। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे हिमाचल को दहला कर रख दिया है। इस नृशंस हत्या में जिस परिवार की गिरफ्तारी हुई है, वह एक विशेष समुदाय से संबंध रखता है। भारतीय जनता पार्टी का मानना है कि घटना के पीछे जिस आरोपी का हाथ बताया गया है, उसकी पृष्ठभूमि पहले से ही संदिग्ध रही है और उसका परिवार आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है। गांव के लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बाहुबली ने कई बीघा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कई वर्षों से कर रखा है। इस क्षेत्र में इस घटना से पहले भी कई भेड़ पालकों और फुहालों के गायब होने की सूचनाएं समय-समय पर मिलती रही हैं। इस घटना के बाद चंबा जिला के साथ-साथ पूरे प्रदेश में आक्रोश का वातावरण बना हुआ है। भाजपा की इस हत्याकांड के संबंध में निम्न मांगें हैं:
1. सभी आरोपियों की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी के माध्यम से हो, ताकि इस परिवार की संदिग्ध गतिविधियों की सही जानकारी मिल सके।
2. इस हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से प्रतिदिन सुनवाई हो और आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी दी जाए।
3. जिला की ऊंची पहाड़ियों पर चारागाह परमिट की जांच की जाए और इसका आवंटन दोबारा से किया जाए।
4. हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से आने वाले विशिष्ठ समुदायों के लोग, जो अनेक प्रकार के छोटे-बड़े कारोबार कर रहे हैं, उनकी बाकायदा नियमानुसार वैरिफिकेशन की जाए।
जयराम और बिंदल ने कहा कि शिमला में लगातार लावारिस शवों के मिलने से ऐसा प्रतीत होता है कि हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के मात्र 6 महीने के कार्यकाल में ही 40 से अधिक हत्याएं, 150 से अधिक रेप केस और 183 अपहरण के मामले दर्ज हो चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में कहीं न कहीं स्टेट स्पॉन्सर्ड कानून अव्यवस्था चल रही है।
इस अवसर पर राजभवन के बाहर भाजपा द्वारा प्रदर्शन भी किया गया जिसमें शिमला जिला अध्यक्ष और शिमला, शिमला ग्रामीण और कसुंपति के मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।