शिमला: भाजपा शांत प्रदेश में सांप्रदायिकता का जहर घोल रही : कांग्रेस
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता देवेंद्र बुशैहरी ने भाजपा द्वारा पिछले दिनों राज्यपाल को दिए गए ज्ञापन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हाल ही में चंबा में हुए मनोहर हत्याकांड पर भाजपा बेवजह राजनीतिक रोटियां सेकने का काम कर रही है तथा इस शांत प्रदेश में सांप्रदायिकता का जहर घोलने का काम कर रही है।
देवेंद्र बुशैहरी ने कहा कि इस प्रकरण में शामिल अपराधियों को राज्य सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेल की सलाखों में डालकर उचित कार्रवाई करने के आदेश कर दिए थे तथा मुख्यमंत्री ने स्वयं इस प्रकरण का कड़ा संज्ञान लिया था। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इस प्रकरण पर समय रहते उचित कदम उठाए गए हैं, परंतु भाजपा अपनी राजनीति चमकाने के लिए बेवजह इस मामले को तूल दे कर प्रदेश में अराजकता का माहौल तैयार करने का प्रयास कर रही है जो कि निंदनीय है।
भाजपा द्वारा राज्यपाल को सौंपे अपने ज्ञापन में मौजूदा सरकार के विरुद्ध कानून व्यवस्था पर जो सवाल उठाए हैं उस पर प्रतिक्रिया देते हुए बुशैहरी ने भाजपा से पूछा कि वह यह बताए कि अपनी सरकार के पिछले 5 वर्ष के कार्यकाल में हुए कौन से आपराधिक मामले समय रहते सुलझाए गए और प्रभावितों को न्याय मिला हो।
