शिमला: मुख्यमंत्री ने पराला में किया 100.42 करोड़ के अत्याधुनिक फल विधायन संयंत्र का लोकार्पण
-बोले, क्षेत्र के विकास में मील पत्थर साबित होगा यह संयंत्र
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिले के ठियोग के पराला में 100.42 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक फल विधायन संयंत्र का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र क्षेत्र के विकास में मील पत्थर साबित होगा। इस संयंत्र में वाइन, विनेगर तथा जूस तैयार किया जाएगा जिससे क्षेत्र के बागवानों को अपने उत्पाद के उचित दाम मिलेंगे तथा इनसेे बनने वाले उत्पाद तैयार करने में भी तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री ने एचपीएमसी की संपत्तियों को ठीक ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि बागवानों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि एचपीएमसी के माध्यम से बागवानी औजार, खाद, कीटनाशक तथा फंफूदनाशक सस्ते दामों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बागवानों के हितों को सुरक्षित करने के लिए अनेक कदम उठा रही है तथा भविष्य में भी लेती रहेगी।
यूनिट में तैयार किए जाएंगे अलग-अलग उत्पाद: नेगी
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि इस यूनिट में अलग-अलग उत्पाद तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार बागवानों की सुविधा के लिए अनेक योजनाएं लागू कर रही हैं, ताकि बागवानों को आर्थिक तौर पर संबल किया जा सके। क्योंकि बागवानी प्रदेश के लोगों का प्रमुख व्यवसाय है।
कांग्रेस सरकारों ने हमेशा ही बागवानों के हितों की रक्षा की : रोहित
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि इस फल विधायन संयंत्र से क्षेत्र में और समृद्धि आएगी तथा बागवानों को अपने उत्पाद के अच्छे दाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने हमेशा ही बागवानों के हितों को रक्षा की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को बेहतर किया जा रहा है।
सरकार ने बागवानों के हितों में लिए ऐतिहासिक निर्णय: कुलदीप
विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने बागवानों के हितों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं तथा यूनिर्वसल कार्टन प्रणाली को लागू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में किसानों बागवानों के हितों में अनेक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस संयंत्र में स्थानीय लोगों को रोजगार देने में प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, विधायक नंद लाल, विधायक हरीश जनारथा, उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम केहर सिंह खाची, उपाध्यक्ष हिमुडा यशवंत छाजटा, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन रजनीश किमटा, सचिव बागवानी सी. पालरासु, प्रबंध निदेशक एचपीएमसी सुदेश मोक्टा तथा अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।
