शिमला: कांग्रेस सरकार ने 10 माह में बंद कर दिए 1000 से अधिक संस्थान: चेतन बरागटा
-बिजली, राशन, खाद्य तेल महंगा कर प्रदेश की जनता की कमर को ही तोड़ दिया
कांग्रेस सरकार को हिमाचल प्रदेश में स्थापित हुए 10 महीने हो चुके हैं। जब से कांग्रेस की सरकार हिमाचल प्रदेश में आई है तब से 1000 से अधिक सरकारी संस्थान बंद कर चुकी है, जिसका कांग्रेस आज तक जवाब नहीं दे पाई कि ये संस्थान क्यों बंद किए।
भाजपा प्रवक्ता चेतन बरागटा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सरकार में रहते हुए प्रदेश में डीजल पर 7 रुपये की कटौती की थी, लेकिन कांग्रेस ने उसके विपरीत सरकार बनते ही इसको बढ़ा दिया। बिजली, राशन, खाद्य तेल महंगा कर महंगाई की मार झेल रही प्रदेश की जनता की कमर को ही तोड़ दिया।
किसान और बागवान इस सरकार की कार्यप्रणाली से हताश और निराश बैठा हुआ है। बागबानों को समय पर खादें नही मिल रही है, बागीचों में पतझड़ की समस्या जस की तस बनी हुई है। पिछले साल एमआईएस के तहत खरीदे गए फलों का भुगतान बागवान को अभी तक नही हुआ है। सरकार समय पर सड़के नही खोल पाई ,जिस कारण बागवान अपना उत्पाद नदी-नालों में फेंकने को मजबूर हुए। जहां सरकार को उन बागवानों की मदद करनी चाहिए थी लेकिन सरकार उलटे उन बागवानों से लाखों रुपए का जुर्माना वसूलने का फैसला लेती है। सरकार की इस संकीर्ण मानसिकता से स्पष्ट होता है कि प्रदेश की इस कांग्रेस सरकार का बागवानों से कोई सरोकार नहीं है।
चेतन ने कहा कि आपदा प्रबंधन की दृष्टि से यह सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। सरकार में तालमेल की कमी देखी जा रही है,आए दिन सरकार के मंत्रियों का आपसी मनमुटाव सरे आम मीडिया में नजर आ रहा। सरकार में आपसी विरोधाभास के चलते हिमाचल प्रदेश की जनता प्रभावित हो रही है।
आपदा राहत राशि में मेरा तेरा का राग गाकर सरकार जरूरत मंद को मदद नही कर रही है। इस सरकार में भाई भतीजावाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। चेतन बरागटा ने कहा जब से यह सरकार आई है तब से प्रदेश में कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमराई हुई है। चंबा हत्याकांड अभी तक लोग भूल नहीं पाए है और हिमाचल प्रदेश के हर कोने से कानून व्यवस्था बिगड़ने के कई उदाहरण सामने आ रहे है।
अब तो मुख्यमंत्री के गृह जिला में एक बहन का मुंह काला कर, बाल काट कर गांव में घुमा दिया गया। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना की जितनी निंदा करे कम होगी। मुख्यमंत्री के गृह जिले की इस घटना ने कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। यह सरकार अभी तक हर फ्रंट पर नाकामयाब साबित हुई है।
भाजपा प्रवक्ता चेतन बरागटा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और विधायक दल मिलकर 25 सितंबर को विधानसभा के बाहर एक बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे है। यह प्रदर्शन इस सरकार को याद दिलाने के लिए होगा कि तुम्हारी 10 गारंटियां कहां गईं। आम जनमानस ने जिस उम्मीद से इस सरकार को चुना था, उन अपेक्षाओं को पूरा करने में ये सरकार अभी तक पूरी तरह फेल साबित हुई है।
कानून-व्यवस्था, महंगाई, गारंटी, विरोधाभास, बदला-बदली की भावना, संस्थान बंद करना और आपदा में मेरा तेरा को लेकर भाजपा विधानसभा का घेराव करेगी।
