शिमला : हिमाचल विरोधी भाजपा का संदेश लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी कांग्रेस
** प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बोलीं, जल्द घोषित होंगे प्रत्याशियों के नाम
** सीएम बोले, हिमाचल के विकास की राह में रोड़े अटका रही केंद्र सरकार
लोकसभा चुनाव से पहले हिमाचल कांग्रेस की अहम बैठक राजीव भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने की। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कैबिनेट के अन्य सहयोगी भी शामिल हुए। हिमाचल कांग्रेस लोकसभा चुनाव में हिमाचल विरोधी भाजपा का संदेश लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी।
बैठक के बाद हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव बेहद अहम हैं। इस बैठक में विस्तृत चर्चा हुई है। जल्द ही प्रत्याशियों के नाम घोषित होंगे, ताकि जल्द से जल्द मैदान में उतरा जा सके। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा देश भर में झूठ फैलाने का काम कर रही है। 2014 में सत्ता में आने से पहले भाजपा ने हर खाते में 15 लाख रुपये डालने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा आज तक पूरा नहीं हुआ।
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार हिमाचल प्रदेश के विकास की राह में रोड़े अटकाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साल में सरकार ने बेहतरीन काम किया है, कांग्रेस इसी काम को लेकर जनता के बीच जाएगी।
वहीं, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी भारतीय जनता पार्टी को हिमाचल विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन में तालमेल हो, इसके लिए बेहतरीन चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बीजेपी को चारों खाने चित्त करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश है. पहले की तरह जीत का दस्तूर प्रदेश में बरकरार रहेगा। मुकेश अग्निहोत्री ने भगवान राम की कसम खाते हुए कहा कि वह हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेंगे।