शिमला : हिमाचल को मिले 45 वन रक्षक
-चायल में हुआ वन रक्षकों के 71वें प्रशिक्षण सत्र का दीक्षांत समारोह
वन प्रशिक्षण संस्थान चायल में आज वन रक्षकों के 71वें प्रशिक्षण सत्र के दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें प्रदीप ठाकुर भारतीय वन सेवा, अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल (शोध एवं प्रशिक्षण) वन विभाग हिमाचल प्रदेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वन प्रशिक्षण संस्थान चायल की निदेशिका संगीता महला ने मुख्य अतिथि का संस्थान की ओर से स्वागत किया। इस प्रशिक्षण सत्र में चंबा, धर्मशाला, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, नाहन, रामपुर, शिमला, वन्यप्राणी धर्मशाला व वन्यप्राणी शिमला के 45 प्रशिक्षणाथियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण किया एवं सभी उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र, मेडल व ट्राफी वितरित किए।
71वें बैच में टॉपर मंडी वन मंडल के धर्म पाल, द्वितीय स्थान पर वन मंडल सुकेत ने रोशन लाल व तृतीय स्थान पर कुल्लू वन मंडल ने विकास चंद रहे। मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर वन मंडल ठियोग के अंकुश राजवंश, द्वितीय स्थान पर वन मंडल चुराह के तेज सिंह व तृतीय स्थान पर वन मंडल नूरपुर के संजय कुमार रहे। 71वें बैच के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु का पुरस्कार वन मंडल मंडी के धर्म पाल को दिया गया।
वहीं, मुख्य अतिथि ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रशिक्षुओं को अपने कार्य क्षेत्र में जाकर प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त किया ज्ञान को समुचित रूप से जनता के लाभ के लिए नियम-कानून का पालन करते हुए प्रयोग करने पर बल दिया।
