शिमला: कोटखाई के एसडीएम के आवास में सिलेंडर फटा, बाल-बाल बचे अधिकारी
कोटखाई में एक एलपीजी सिलेंडर विस्फोट में एसडीएम अश्वनी कुमार शर्मा आंशिक रूप से झुलस गए। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। उनको कोटखाई अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। यह घटना शुक्रवार अल सुबह करीब तीन बजे एसडीएम अश्वनी कुमार शर्मा के आवास में हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कोटखाई बाजार में स्थित प्रताप जस्टा बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल में वे किराये के आवास में रहते हैं। घटना के दौरान वह आवास में अकेले थे। तड़के करीब तीन बजे वह गर्म पानी पीने के लिए रसोई में गए और गैस चूल्हा चालू करने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही उन्होंने गैस चूल्हा जलाने के लिए लाइटर जलाया, तो अचानक ब्लास्ट हुआ और पूरी रसोई में आग लग गई। उसके बाद पूरी मंजिल आग की चपेट में आ गई। साथ ही खिड़कियां और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और एसडीएम को वहां से बाहर निकाला गया। पड़ोसियों ने रेगुलेटर पर गीला कपड़ा डालकर आग को बुझाया।
