शिमला : H3N2 इन्फ्लुएंजा को लेकर विभाग सजग, एहतियात बरतना बेहद जरूरी
हिमाचल प्रदेश में H3N2 इन्फ्लुएंजा का संक्रमण न फैले इसके लिए सरकार के साथ साथ स्वास्थ्य महकमा भी एक्टिव मोड पर आ गया है
इसके साथ स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को भी अलर्ट रहने का आदेश दिया है, क्योंकि कोरोना की बढ़ती संख्या ने पहले ही प्रदेश को चिंता का विषय बनाया है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों को H3N2 इन्फ्लुएंजा टेस्टिंग किट की व्यवस्था करने के आदेश दिए है।
साथ ही विभाग ने मेडिकल कॉलेज को अपने स्तर पर H3N2 इन्फ्लुएंजा टेस्टिंग शुरू करने के लिए भी कहा है। प्रदेश में बदलते मौसम के कारण जिस तरह से कोविड के मामले बढ़ रहे हैं, विभाग को डर है कि कहीं H3N2 के मरीजों की संख्या भी न बढ़ जाए। मिली जानकारी के अनुसार H3N2 इन्फ्लुएंजा को लेकर विभाग की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस संक्रमण से देश में अब तक 10 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। बता दे कि पड़ोसी राज्य हरियाणा में इस इन्फ्लुएंजा का एक और नया मरीज मिला है, जिसने विभाग की चिंता को और बढ़ाया है। विभाग का कहना है कि हिमाचल में इस संक्रमण को लेकर डरने की कोई बात नहीं है, फिर भी एहतियात बरतना बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार पहले ही H3N2 को लेकर एडवाइजरी जारी कर चुकी है। केंद्र ने मुख्य सचिव को इस संक्रमण को लेकर अलर्ट रहने को कहा है।
ये है लक्षण ........
कोरोना और H3N2 इनफ्लुएंजा के लक्षण लगभग एक जैसे हैं। इसमें भी मरीज को सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार शरीर और सिर में दर्द होता है। बीते 24 घंटों के दौरान हिमाचल में कोरोना के 73 नए मामले पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही हिमाचल में कोरोना के एक्टिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 285 के पास पहुंच गया है। कोरोना की संख्या को बढ़ते देख स्वास्थ्य विभाग और लोगों कि चिंता और भी बढ़ गई है।
