शिमला: एचपीयू में शिक्षा विभाग ने मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय एकता दिवस एवं नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। विभाग ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया और नशा मुक्ति पर एक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया। कार्यक्रम विभाग के सभा हॉल में आयोजित किया गया। नशा मुक्ति अभियान के नोडल ऑफिसर डॉ. चमन लाल बंगा ने राष्ट्रीय एकता दिवस को मनाने के उद्देश्य तथा विश्वविद्यालय और हिमाचल को नशा मुक्त करने के विषय पर प्रकाश डाला।
विभागाध्यक्ष अजय कुमार ने नशा मुक्ति के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता में सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के योगदान पर अपने बहुमूल्य विचार साझा किये। इस कार्यक्रम का संचालन पीएचडी शोधार्थी अभिषेक ने किया तथा विभाग के अन्य छात्रों रमा, संदीप बोध और नेहा ने इस दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद वहां मौजूद सभी लोगों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी ली। इस कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष अजय कुमार अत्रि, डाक्टर चमन लाल बंगा, डॉ. युद्ध वीर, डॉ. राकेश शर्मा के अलावा विभाग के शोधार्थी एवं छात्र मौजूद रहे।
