शिमला: ऑकलैंड हाउस स्कूल की छात्राओं ने जानी विधानसभा की कार्यप्रणाली
प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र देखने आईं ऑकलैंड हाउस स्कूल की छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से विधानसभा परिसर में भेंट की। पठानिया ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली समझने में रूची लेनी चाहिए तथा देश के संघीय ढ़ाचे तथा शासन व्यवस्था का ज्ञान होना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। पठानिया ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी जिस तरह से विधान सभा व संसदीय सत्रों के देखने के लिए प्रेरित हो रही हैं उससे यह प्रणाली सुदृढ़ होगी तथा इसका भविष्य भी उज्जवल होगा। लोकतंत्र में संसदीय गतिविधियों का सर्वाधिक महत्व है, जीवन और समाज हर क्षेत्र को प्रभावित करने वाले काम संसद में होते हैं। संसद ही वह स्थान है, जहां नए-नए विधि विधान बनाए जाते हैं। पठानिया ने आज होने वाली कार्यवाही के बारे अवगत करवाया तथा विधानसभा कॉउंसिल चैंबर के बारे भी अवगत करवाया।
