शिमला: वेतन न मिलने से आहत IGMC के कर्मियों ने खोला मोर्चा, किया धरना-प्रदर्शन
** बोले, 2 महीने से नहीं मिला मानदेय, बड़े आंदोलन की दी चेतावनी...
शिमला के IGMC अस्पताल में सफाई कर्मियों ने ढाई महीने से वेतन न मिलने के कारण सोमवार को प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों ने IGMC गेट के बाहर काले रिबन बांधकर विरोध जताया, जिससे अस्पताल में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। IGMC सफाई यूनियन की अध्यक्ष निशा ने कहा कि प्रबंधन के इस रवैये के कारण कर्मचारी मजबूर होकर विरोध कर रहे हैं। सैलरी के मुद्दे पर कई बार अस्पताल के अधिकारियों से बात की गई है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। वहीं, सीटू के अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने ठेकेदारों पर श्रम कानूनों की अवहेलना का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि न्यूनतम वेतन, ईपीएफ, ईएसआई, छुट्टियां, आठ घंटे का कार्य दिवस, समय पर वेतन भुगतान, बोनस, चेंजिंग रूम और दो वर्दी सेट जैसे अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर श्रम कानूनों को लागू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
