शिमला: संगठन के नेताओं को सरकार में मान-सम्मान मिले, इसके लिए सीएम से करूंगी आग्रह : प्रतिभा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि संगठन के नेताओं को सरकार में कोई मान-सम्मान मिले, इसके लिये मुख्यमंत्री से आग्रह किया जाएगा। उन्होंने सेवादल की बैठक में सेवादल की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि सेवादल कांग्रेस की रीढ़ है और इसे पूरा मान सम्मान दिया जाना चाहिए।
सेवादल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा है कि संगठन के सभी कार्यों में सेवादल का अहम योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में संगठन के लोगों की बहुत ज्यादा जिम्मेदारी बढ़ जाएगी। आज राजीव भवन में सेवादल की एक समीक्षा बैठक में मुख्यातिथि शिरकत करते हुए प्रतिभा सिंह ने सेवादल की पीठ थपथपाते हुए कहा कि इस संगठन ने हमेशा से कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए विकट परिस्थितियों में भी सराहनीय कार्य किए हैं।
इससे पूर्व कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने प्रतिभा सिंह का अभिनंदन करते हुए सेवादल की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
वहीं, चिंतपूर्णी के विधायक कांग्रेस सेवादल यंग बिर्गेड के अध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सेवादल के पदाधिकारियों को सरकार में उचित मान सम्मान मिले इसके लिये मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल एक बहुत ही कर्मठ व मजबूत संगठन है जो पार्टी की सेवा में तन-मन से लगा रहता है।
