शिमला : भाजपा के लोग वोट मांगने आएं तो पूछना प्राकृतिक आपदा के समय कहां थे : प्रतिभा सिंह
** ये भी पूछना, आपदा प्रभावित लोगों को राहत देने के लिये भाजपा ने क्या किया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने लोगों से कहा है कि जब भाजपा के लोग उनके घर द्वार वोट मांगने आएं तो उनसे यह जरूर पूछना कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के समय वे कहां सो गए थे। उन्होंने कहा कि उनसे यह भी पूछना कि उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों को राहत देने के लिये क्या किया था।
आज अपने संसदीय क्षेत्र रामपुर में पार्टी कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन के दूसरे दिन विभिन्न पंचायतों गौरा, झाकड़ी, सनारसा, दोफदा, फंजा, मशनु, रचोली, डंसा, लालसा, शिंगला, दियोठी, कुहल-पटैना के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की आर्थिक बदहाली के लिये पूर्व भाजपा सरकार पूरी तरह दोषी है। उन्होंने कहा कि 70 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 10 हजार करोड़ से अधिक की देनदारियां प्रदेश सरकार को विरासत में मिली है।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के भाजपा सांसदों की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रति वह संवेदनहीन है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय इन नेताओं ने प्रदेश के प्रति जो उदासीनता दिखाई वह बहुत ही दुखदाई है। इन सांसदों ने प्रदेश के लिये किसी भी प्रकार की साहयता में कोई भी सहयोग नहीं दिया। इससे साफ है कि इनकी दृष्टि में पूरी तरह खोट है। इस दौरान रामपुर के विधायक नंद लाल, शिमला जिला परिषद की अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिमला ग्रामीण अतुल शर्मा व ब्लॉक अध्यक्ष सतीश वर्मा ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सभी को एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में प्रचार कार्यों में जुटने का आह्वान किया।