शिमला : इटली की कंपनी हिमाचल में 200 बीघा भूमि पर लगाएगी सेब की नर्सरी
( words)
** बागवानों को प्रदेश में ही सस्ती दरों पर मिलेंगे उन्नत किस्म के पौधे
**नर्सरी में अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किए जाएंगे पौधे
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार सूबे के बागवानों को बड़ी सौगात देने जा रही है। सेब की उन्नत किस्मों के पौध अब बागवानों को आसानी से उपलब्ध होंगे। हिमाचल में इटली की कंपनी 200 बीघा जमीन पर सेब की नर्सरी लगाएगी। नर्सरी में अत्याधुनिक तकनीक से विश्व स्तरीय पौधे तैयार किए जाएंगे। कंपनी अपने खर्चे पर नर्सरी और उन्नत टेक्नालॉजी स्थापित करेगी। बागवानों को सस्ती दरों पर सेब के पौधे मिलेंगे और विदेशों से पौधे आयात करने का खर्चा भी नहीं करना पड़ेगा।
नर्सरी में तैयार होने वाले अतिरिक्त पौधे उत्तराखंड और कश्मीर के बागवानों को ऑन डिमांड उपलब्ध करवाए जाएंगे। सरकार ने राजस्व विभाग को एक ही स्थान पर 200 बीघा का प्लॉट तलाशने के निर्देश दिए हैं। अब तक सरकार हर साल इटली सहित अन्य देशों से सेब के पौधे आयात करती है। पौधों को बागवानी विभाग की नर्सरियों में क्वारंटाइन के लिए रखा जाता है, हालांकि इनमें से बड़ी संख्या में पौधे खराब भी हो जाते हैं। हिमाचल में नर्सरी लगने के बाद पौधे अनुकूल वातावरण में तैयार होंगे जिससे पौधों की सफलता दर 100 फीसदी रहेगी।