शिमला : कसुम्पटी के घर-घर पहुंचाएंगे मोदी सरकार की नीतियां: भारद्वाज

केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी महाजनसंपर्क अभियान के तहत मोदी सरकार की नीतियों को घर-घर पहुंचाएगी। बात का कसुम्पटी मंडल भाजपा की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री व पूर्व भाजपा राज्य अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज ने कही। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष जितेंद्र भोटका ने की, जबकि बैठक में प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री सिद्धार्थन व जिला अध्यक्ष विजय परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भारद्वाज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लगातार पूर्ण बहुमत से केंद्र में सरकार को आगे बढ़ाया है और यह सरकार सबका विकास सबका साथ के एजेंडे पर चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है, गांव गरीब के लिए नीतियां बनाई है, जनता के जन जीवन में परिवर्तन हो इसके लिए छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर के नीतियां बनाने का काम किया गया है। हिमाचल प्रदेश को भी अनेक योजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिली हैं, जिन्होंने हिमाचल को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, उद्योग हर क्षेत्र में हिमाचल को केंद्र सरकार का सहयोग हिमाचल को मिला है। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि 9 वर्ष पूर्ण होने पर जहां देश को नया संसद भवन मिल रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सदस्य रूपा शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष विजय परमार, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र भोटका, पूर्व डिप्टी मेयर राकेश शर्मा, पार्षद रचना शर्मा, कमलेश मेहता, पार्षद निशा ठाकुर, पूर्व पार्षद रेनू, सहित अन्य कार्यकर्ता व मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।