शिमला : नड्डा ने 31 तक मांगा संभावित भाजपा प्रत्याशियों का पैनल
भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव को लेकर हिमाचल प्रदेश में भी एक्टिव हो गई है। के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम को चुनाव की तैयारियों को लेकर शिमला के पीटरहॉफ में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई। सूत्रों की मानें तो इसमें प्रदेश की चारों संसदीय सीटों पर पार्टी के संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में नड्डा ने पार्टी के कोर ग्रुप से 31 जनवरी से पहले लोकसभा चुनावों के लिए संभावित प्रत्याशियों का पैनल मांगा। प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाने से पहले पार्टी अलग से सर्वे भी करवाएगी। अभिनंदन कार्यक्रम के बाद कोर ग्रुप की बैठक में 21 में से 18 सदस्य मौजूद रहे।
तीन मौजूदा सांसदों का रिपोर्ट कार्ड मांगा
बैठक के दौरान प्रदेश के तीन मौजूदा सांसदों का रिपोर्ट कार्ड मांगा गया। नड्डा ने सांसदों के कामकाज की दिल्ली से लाई सर्वे रिपोर्ट भी कोर ग्रुप के सामने रखी। बैठक में तय किया गया कि चुनावों में मोदी फैक्टर जीत का आधार होगा।
